भीमताल, 2 जुलाई। विकास खंड भीमताल सभागार में गुरुवार को वीबी-ग्राम-जी योजना के आधिकारिक शुभारंभ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सजीव प्रसारण सामूहिक रूप से देखा।
सजीव प्रसारण के बाद विकास खंड भीमताल में वीबी-ग्राम-जी योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में योजना के उद्देश्य, प्रमुख विशेषताओं, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा ग्रामीण विकास में इसकी उपयोगिता के बारे में ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जनप्रतिनिधियों से योजना के प्रभावी एवं जनहितकारी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में विकास खंड प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी तथा खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग सहित विकास खंड के सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता और वीबी-ग्राम-जी योजना के सफल क्रियान्वयन के संकल्प के साथ हुआ।

+ There are no comments
Add yours