लोअर मालरोड की मरम्मत में देरी पर कुमाऊँ आयुक्त सख्त, सीसीटीवी निगरानी के निर्देश, लोनिवि अधिकारियों से मांगा जवाब

Estimated read time 1 min read





भीमताल। कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने नैनीताल की लोअर मालरोड की मरम्मत में हो रही लगातार देरी पर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्य अभियंता को निर्देश जारी करते हुए कार्य में लापरवाही पर जवाब-तलब किया है और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

आयुक्त ने कहा कि लोअर मालरोड 15 सितंबर 2025 से क्षतिग्रस्त है। इस दौरान वह स्वयं दो बार स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं, जबकि अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया है। इसके बावजूद सड़क मरम्मत कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी और असंतोषजनक रही है।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से हर बार कार्य पूरा करने के लिए नई समय-सीमा बताई जा रही है। विभाग ने पर्यटन सीजन से पहले कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब अतिरिक्त 45 दिन का समय मांगा गया है।

दीपक रावत ने निर्देश दिए कि अब सड़क निर्माण कार्य की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्यस्थल पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उसका लाइव लिंक आयुक्त कार्यालय एवं जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्य की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके।
कुमाऊँ आयुक्त ने कहा कि औचक निरीक्षणों के दौरान यह पाया गया कि कई बार कार्यस्थल पर अपेक्षित निर्माण कार्य नहीं हो रहा था। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से यह स्पष्ट करने को कहा है कि मात्र 40 मीटर सड़क के निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय क्यों लग गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार पाए गए तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने कहा कि पर्यटन नगरी नैनीताल की प्रमुख सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्य में अब किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और विभाग को तय समय के भीतर कार्य पूरा करना होगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours