पर्यटन स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं में 24 आवेदन स्वीकृत, डीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना एवं दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के चयन के लिए मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन की अध्यक्षता में जिला चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासनादेशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप आवेदनों का परीक्षण कर पात्र आवेदकों का चयन किया गया।

बैठक में समिति ने दोनों योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। पात्र आवेदनों को स्वीकृति एवं आवश्यक संस्तुतियां प्रदान की गईं, जबकि अपूर्ण अथवा आवश्यक अभिलेखों के अभाव वाले आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें निरस्त किया गया।

वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत वाहन श्रेणी में प्राप्त 13 आवेदनों में से 8 को स्वीकृति दी गई, जबकि 5 आवेदन निरस्त कर दिए गए। वहीं गैर-वाहन श्रेणी में प्राप्त 4 आवेदनों में से 1 आवेदन स्वीकृत और 3 आवेदन निरस्त किए गए।

दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त 19 आवेदन-पत्रों में से 15 को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 4 आवेदन निरस्त किए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित लाभार्थियों के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पूर्ण पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ केवल वास्तविक एवं पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, उनकी आजीविका को सशक्त बनाना तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह, परियोजना निदेशक (डीएलडीए) अभिषेक, जिला लीड बैंक अधिकारी अमित बाजपेई, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार, प्रबंधक उद्योग केंद्र रोबिन सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours