जंगलियागांव में खुली बैठक में जीपीडीपी कार्ययोजना को मंजूरी

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, बाहरी लोगों से आय सृजन के लिए मासिक अंशदान का प्रस्ताव पारित

भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलियागांव के पंचायत घर में शनिवार को ग्राम प्रधान राधा कुल्याल की अध्यक्षता में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। साथ ही मनरेगा का नाम बदलकर “जी राम जी योजना” किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बैठक में खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने ग्राम पंचायत में संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, भेषज संघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उप राजस्व निरीक्षक चंद्रा गोस्वामी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सभी पात्र लोगों से जल्द से जल्द प्रपत्र भरने की अपील करते हुए कहा कि इससे भविष्य में होने वाली असुविधाओं से बचा जा सकेगा।

ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत जंगलियागांव के विकास के लिए विभिन्न विभागों से अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ललित कुमार, ग्राम विकास अधिकारी मोहन राम आर्य, सुष्मिता हयाकी, भास्कर, के.बी. जोशी, प्रेम सिंह कुल्याल, महेंद्र सिंह पड़ियार, पूरन भट्ट, जगदीश चंद्र भट्ट, यशवंत कुमार, कमल कुल्याल, मनोज कुमार सिंह कुल्याल, चंद्रबल्लभ पलड़िया, सुरेश चंद्र सिंह कुल्याल, कुंवर सिंह बिष्ट, नारायण सिंह कुल्याल, राजेंद्र सिंह कुल्याल, ललित मोहन आर्य, धीरज भट्ट, भुवन चंद्र जोशी, रेखा कुल्याल, मीना कुल्याल सहित महिला समूह की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

बैठक के अंत में ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बाहरी लोगों से पंचायत के खाते में प्रति माह एक हजार रुपये जमा कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours