21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए जनपद को 2 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
भीमताल। 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की सुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण और परीक्षा केंद्रों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें तथा बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए और उस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
11 केंद्रों पर होगी परीक्षा
बैठक में परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जनपद को दो जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र को एक सेक्टर बनाया गया है तथा प्रत्येक जोन और सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3874 अभ्यर्थी नीट परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 21 जून को अपराह्न 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील
जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, सिटी कोऑर्डिनेटर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours