भीमताल । ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को विकासखंड सभागार बेतालघाट में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि जिले से शासन को भेजे गए विकास कार्यों के प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है।
मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने विकासखंड क्षेत्र में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
जनसंवाद शिविर में कृषि, समाज कल्याण, राजस्व, उद्योग, बाल विकास, पंचायती राज, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
बेतालघाट स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा की मांग पर मंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर यह सुविधा शुरू की जाएगी।
इसके अलावा रामनगर-अमगढ़ी-ओखलाढूंगा-बेतालघाट-रतौड़-रिची मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स की मांग भी क्षेत्रवासियों ने उठाई। इस पर मंत्री ने शीघ्र धनराशि आवंटित कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग वर्तमान में आठ प्रकार की पेंशन योजनाओं का संचालन कर रहा है तथा अब पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ऑनलाइन भेजी जा रही है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, भावना मेहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours