खुले बाल आश्रय गृह का एडीएम ने किया निरीक्षण, बच्चों की शिक्षा व स्वास्थ्य पर दिया जोर

बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, भोजन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

भीमताल । जनपद नैनीताल में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय की अध्यक्षता में महिला कल्याण विभाग के तहत मिशन वात्सल्य योजनांतर्गत संचालित स्वैच्छिक संस्था धरोहर खुला बाल आश्रय गृह, लालडांठ हल्द्वानी का निरीक्षण किया गया। समिति में जिला बाल संरक्षण अधिकारी वर्षा, विनीता पाठक, डॉ. महेश चंद्र जोशी, डॉ. हिमांशु कांडपाल, गायत्री दरम्वाल एवं हेमा कबड़वाल शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान समिति ने संस्था की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। पंजीकृत 32 बच्चों में से 12 बच्चे मौके पर उपस्थित पाए गए। यह संस्था कूड़ा बीनने और भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों को शिक्षा एवं भरण-पोषण उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्था समन्वयक, बाल रोग विशेषज्ञ एवं मानसिक रोग विशेषज्ञ को निर्देश दिए कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा गंभीर बीमारी की स्थिति में उन्हें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जोड़कर निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि बालक और बालिकाओं के रात्रि निवास की स्थिति में अलग-अलग कक्षों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बालिकाओं के साथ महिला कार्मिक की उपस्थिति अनिवार्य रखी जाए। भोजन की गुणवत्ता उच्च स्तर की रखने, भवन में उचित वेंटिलेशन बनाए रखने और रसोई में जालीदार खिड़की खुली रखने के भी निर्देश दिए गए।

एडीएम ने यह भी कहा कि अधिक उम्र के बच्चों को नियमित शिक्षा से जोड़ने के लिए विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान बच्चों ने कविताएं सुनाईं। उन्होंने बच्चों के खेल-खेल में सीखने और मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल उपकरणों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान संस्था समन्वयक प्रकाश पाण्डे, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पा पाण्डे, लक्ष्मी बिष्ट, तृप्ता कनूप्रिया, रवि, कमला और आँचल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours