आरसेटी कुंवरपुर में स्वरोजगार को लेकर प्रशिक्षुओं को किया गया प्रेरित
भीमताल। आरसेटी कुंवरपुर नैनीताल में संचालित 31 दिवसीय टेलर-वूमेन गारमेंट्स (महिला वस्त्र निर्माण) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के विभिन्न ब्लॉकों और क्षेत्रों से कुल 33 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग कर महिला वस्त्र निर्माण से जुड़े कौशल सीखे।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सहायक परियोजना निदेशक एवं जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम नैनीताल चंदा फर्त्याल ने प्रशिक्षुओं से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए परिधानों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उसकी प्रशंसा की। साथ ही प्रशिक्षुओं, विशेषकर महिलाओं को इस कार्य को स्वरोजगार के रूप में अपनाने तथा अपने उत्पादों में गुणवत्ता और रचनात्मकता जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आत्मविश्वास बढ़ाने, सफल उद्यमी बनने के गुण, सकारात्मक सोच, उद्यमिता विकास तथा बैंकिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। भ्रमण कार्यक्रम के माध्यम से सफल उद्यमियों से संवाद कर उन्हें व्यावहारिक अनुभवों से भी रूबरू कराया गया।
संस्थान के निदेशक अतुल कुमार पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी संस्थान आगामी दो वर्षों तक प्रशिक्षणार्थियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखेगा, ताकि उन्हें निजी व्यवसाय और आय सृजन गतिविधियों के लिए मार्गदर्शन मिलता रहे।
इस अवसर पर बड़ौदा आरसेटी के निदेशक अतुल कुमार पाण्डेय, मास्टर ट्रेनर तारा देवी, प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह पिलख्वाल एवं एफएलसी काउंसलर सुरेश बिष्ट ने प्रशिक्षुओं को उज्ज्वल भविष्य और स्वरोजगार के क्षेत्र में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

+ There are no comments
Add yours