नेत्र, हड्डी और सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञों ने दिए जरूरी परामर्श
भीमताल। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज़ (BIAS) भीमताल में सोमवार को एसडीजी काउंसिल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर में ज्योति नेत्रालय आई हॉस्पिटल, तिकोनिया चौराहा हल्द्वानी की टीम ने प्रतिभागियों की निःशुल्क नेत्र जांच की। नेत्र विशेषज्ञ ऑप्टोमेट्रिस्ट विवेक भदौरिया ने आंखों की जांच कर नेत्र सुरक्षा, नियमित जांच और आंखों की देखभाल को लेकर जरूरी सुझाव दिए।
वहीं स्टार हॉस्पिटल के सहयोग से हड्डी एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी संचालित किया गया। ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. उस्मानी ने हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं पर परामर्श दिया, जबकि जनरल फिजिशियन डॉ. मोहम्मद शरीफ खान ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह और चिकित्सकीय सुझाव दिए।
शिविर के संचालन में मैनेजर सुमित नैनवाल और मार्केटिंग हेड दिनेश सिंह मेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसडीजी काउंसिल की ओर से डॉ. शिल्पी बिष्ट एवं कौशल भट्ट ने आयोजन के समन्वय में सक्रिय योगदान दिया। इसके अलावा निदेशक जन शिक्षण संस्थान गोपाल प्रसाद, सौरव जोशी और डॉ. अलप मेहर ने भी शिविर के सफल आयोजन में सहयोग दिया।
शिविर में शामिल लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविरों के नियमित आयोजन की जरूरत बताई। अंत में संस्थान प्रशासन और एसडीजी काउंसिल ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

+ There are no comments
Add yours