15 जून को कैंचीधाम मेले के लिए प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं हेतु चाक-चौबंद व्यवस्थाओं पर मंथन

शटल सेवा से होगी आवाजाही, मार्ग पर वाहन पार्किंग और भंडारे पर रहेगी रोक

भीमताल। बाबा नीब करौरी महाराज के 15 जून को होने वाले जन्मोत्सव एवं मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्री कैंचीधाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने करते हुए सभी विभागों को जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने के निर्देश दिए।
बैठक में मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बाबा ने सेवा का अवसर दिया है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर अन्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हल्द्वानी, नैनीताल और भीमताल से श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित की जाएगी। निर्धारित पार्किंग स्थलों से मंदिर तक नियमित शटल वाहन चलेंगे। साथ ही मार्ग पर कहीं भी वाहन पार्किंग और भंडारा आयोजन की अनुमति नहीं होगी।
अपर जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर विद्युत प्रकाश, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। साफ-सफाई व्यवस्था के तहत नगर पालिका भवाली और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से पर्याप्त सफाई कर्मी तैनात करने और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने को कहा गया। मंदिर परिसर सहित पूरे मार्ग से दिन में कम से कम तीन बार कूड़ा उठान किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी के टैंकर लगाए जाएंगे तथा सभी शौचालयों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सीएमओ ने जानकारी दी कि मेले के दौरान तीन दिनों तक मेडिकल टीम तैनात रहेगी और दो एंबुलेंस मौके पर उपलब्ध रहेंगी।

विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और आपातकालीन टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वन विभाग शिप्रा नदी क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करेगा तथा पैदल मार्गों की साफ-सफाई बनाए रखेगा। मंदिर परिसर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अग्निशमन दल भी मेले के दौरान तैनात रहेगा।

बैठक में मंदिर समिति के ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रदीप शाह, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक, दिव्यांशु, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours