ओखलकांडा के गांवों में पहुंचे मंत्री कैड़ा, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने मटेला, कौड़ार, पस्या, नाई, भीड़ापानी, कचलाकोट, सुनकोट, गुरना और भेटी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

भीड़ापानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता तक पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल लाइन निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की जल्द मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours