भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के ईलाइजर से गरगड़ी-कालाआगर मोटर मार्ग पर लंबे समय से खराब सड़क के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री Ram Singh Kaida ने मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
बताया गया कि ग्रामीणों द्वारा सड़क की खराब स्थिति को लेकर मंत्री से डामरीकरण की मांग की गई थी, जिसके बाद मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन स्तर से मोटर मार्ग के डामरीकरण व सुधारीकरण कार्य के लिए 78 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू कराया गया।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण कार्य कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सड़क से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

+ There are no comments
Add yours