गंगा संरक्षण पर सख्त निर्देश: नदियों में छोड़ा जाए शुद्ध जल, कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने के आदेश

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 30 मई। नगर निगम सभागार हल्द्वानी में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की समीक्षा बैठक वीडियो, भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में गंगा एवं सहायक नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने को लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदियों में छोड़े जाने वाले जल को शुद्ध एवं स्वच्छ बनाया जाए, जिससे गंगा नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को नियमित और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कैंचीधाम एसटीपी की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी प्राप्त की तथा परियोजना कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला गंगा समिति से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में सदस्य सचिव एवं प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम राशि भूषण साह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से आयुष नेगी, पर्यावरण कार्यकर्ता चन्दन सिंह नयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours