सील भी टूटी, नियम भी टूटे! पांडेगांव में फिर खुला ‘सील होटल’, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल

Estimated read time 0 min read





भीमताल में कार्रवाई के बावजूद निर्माण जारी रहने का आरोप, मिलीभगत की आशंका से गरमाया मामला

भीमताल : भीमताल क्षेत्र के पांडेगांव में कथित तौर पर प्रशासन द्वारा सील किए गए एक व्यावसायिक होटल के दोबारा खुलने और भीतर निर्माण कार्य जारी रहने के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया है। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

शिकायतकर्ता पार्षद रवि जोशी ने मुख्यमंत्री, कुमाऊं मंडलायुक्त और जिलाधिकारी नैनीताल को भेजे गए पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व में नियमों के उल्लंघन पर जिस होटल को सील किया गया था, उसकी सील तोड़कर न सिर्फ उसे दोबारा संचालित किया जा रहा है, बल्कि निर्माण कार्य भी बेरोकटोक जारी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह सब कुछ कथित मिलीभगत या प्रशासनिक लापरवाही के चलते संभव हो पाया है। इससे जहां नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं, वहीं प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पांडेगांव क्षेत्र पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में अवैध निर्माण और सील तोड़कर गतिविधियां जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में स्थिति और बिगड़ सकती है।

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए।

इनका कहना है
फिलहाल मामले में प्रशासन और होटल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी शामिल किया जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours