विकास खंड धारी के निरीक्षण पर सीडीओ सख्त, भालूगाड़ वाटरफॉल को और विकसित करने के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 13 मई। मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल ने बुधवार को विकास खंड धारी का निरीक्षण कर विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के सभी पटलों का भौतिक निरीक्षण करते हुए कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विकास खंड सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा की गई। सीडीओ ने क्षेत्र के पांच अतिसंवेदनशील गांवों को चिन्हित करने के निर्देश देते हुए जंगली जानवरों से बचाव के लिए सोलर लाइट एवं फेंसिंग लगाने पर जोर दिया।

बैठक में धारी क्षेत्र के सभी होटलों को स्वयं सहायता समूह (SHG) उत्पादों से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए शीघ्र बैठक आयोजित करने को कहा गया, ताकि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सके।

इसके बाद सीडीओ ने भालूगाड़ वाटरफॉल का भ्रमण कर एनआरएलएम द्वारा संचालित आउटलेट एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन स्थल को और विकसित करने के निर्देश देते हुए विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन, सोलर लाइट, साइनेज बोर्ड लगाने तथा स्थानीय उत्पादों के आउटलेट विकसित करने को कहा। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा फ्रूट चार्ट तैयार करने के कार्य को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जलागम परियोजना के अंतर्गत संचालित SARRA कार्यों का भी अवलोकन किया गया। कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी धारी, मुख्य उद्यान अधिकारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी, एसडीओ वन विभाग, मुख्य कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान, अधिशासी अभियंता जल जीवन मिशन तथा भालूगाड़ जलप्रपात समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह विष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours