मेहरागांव स्थित कार्यालय में अनुपस्थिति पर सीडीओ सख्त, डीएम को कार्रवाई की संस्तुति
भीमताल। मेहरागांव स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान बीईओ कैना चौहान ग्रोवर पिछले दो दिनों से कार्यालय से अनुपस्थित पाई गईं, वहीं उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर भी दर्ज नहीं थे।
इसके अलावा, कार्यालय के वरिष्ठ सहायक श्री जोशी भी बीते दो दिनों से अनुपस्थित मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए CDO ने दोनों कर्मचारियों के दो दिनों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बीईओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी (DM) को संस्तुति भेज दी गई है।
विद्यालय निरीक्षण में व्यवस्था संतोषजनक :
औचक निरीक्षण के क्रम में सीडीओ ने राजकीय माध्यमिक उच्चतर विद्यालय का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति 116 में से 88 पाई गई, जिसे संतोषजनक माना गया। सभी शिक्षक उपस्थित मिले।
सीडीओ ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें सामान्य ज्ञान की जानकारी दी और सफलता के मूल मंत्र बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेने तथा प्रयोगशाला में प्रैक्टिकल के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान संजू नामक छात्र द्वारा जूनियर राष्ट्रीय स्विमिंग चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करने पर सीडीओ ने उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

+ There are no comments
Add yours