जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं समस्याएं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 18 अप्रैल। शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद और ओबीसी प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए।
कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं आयुक्त ने विभिन्न शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत पहुंचाई गई।
घोड़ाखाल रोड, भवाली निवासी जितेंद्र कुमार ने द्रोण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, रुद्रपुर से डी-फार्मा करने के बाद ड्रग लाइसेंस के लिए किए गए ऑनलाइन आवेदन के बार-बार निरस्त होने की समस्या उठाई। आयुक्त के संज्ञान में मामला आने के बाद संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए 17 अप्रैल 2026 को उनका आवेदन स्वीकृत कर दिया।
मंगल पड़ाव, हल्द्वानी निवासी विद्यावती ने शिकायत की कि उनके पति, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, की मृत्यु के बाद दो वर्षों का वेतन अब तक नहीं मिला है। इस पर आयुक्त ने संबंधित को निर्देश देते हुए शीघ्र वेतन दिलाने का आश्वासन दिया।
रामनगर निवासी पार्वती रावत ने भूमि विवाद का मामला उठाया, जिसमें एक ही जमीन की दोहरी रजिस्ट्री का विवाद सामने आया। आयुक्त ने तहसीलदार रामनगर को जांच कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
बरेली रोड, हल्द्वानी निवासी माया जोशी ने आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की स्कूल फीस जमा न कर पाने की समस्या रखी। इस पर आयुक्त ने स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर मौके पर ही समाधान कराया।
आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours