मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर कांग्रेस का तंज, बताया ‘हास्यास्पद’

Estimated read time 1 min read





भीमताल । भीमताल विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री द्वारा की गई हालिया घोषणाओं पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें ‘हास्यास्पद’ और ‘चुनावी जुमलेबाजी’ करार दिया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
शर्मा ने कहा कि धारी ब्लॉक के कैलाशद्वार मोटरमार्ग के सिमलिया-साननी रोड के मिलान की घोषणा मुख्यमंत्री करीब तीन वर्ष पूर्व कर चुके हैं, लेकिन आज तक इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में नई घोषणाओं को जनता के साथ ‘सफेद झूठ’ और ‘चुनावी घोषणा’ बताया जाना स्वाभाविक है।
उन्होंने बाढ़ सुरक्षा के नाम पर हो रही उच्चस्तरीय बैठकों को भी ‘दिखावा’ बताया। कहा कि उन्होंने स्वयं आपदा के दौरान कई ऐसे क्षेत्रों का निरीक्षण किया है, जहां पूरी आबादी खतरे में है। इन क्षेत्रों के प्रस्ताव आपदा प्रबंधन विभाग को भेजे गए, लेकिन आज तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ। अधिकारियों द्वारा हर बार बजट का अभाव बताया जाता है, जिससे सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।
मानव-वन्यजीव संघर्ष के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। कहा कि मुख्यमंत्री जहां सोलर फेंसिंग और अलर्ट सिस्टम लगाने की बात कर रहे हैं, वहीं क्षेत्र में लंबे समय से इन मांगों को लेकर वन विभाग से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन बजट का हवाला देकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। ऐसे में निर्देशों का धरातल पर क्रियान्वयन संदिग्ध है।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने ‘जल जीवन मिशन’ में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कहा कि हजारों शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे सरकार के दावे खोखले साबित होते हैं।
उन्होंने कहा कि दस वर्षों के शासन के बाद चुनावी समय में अस्पतालों में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की घोषणाएं यह दर्शाती हैं कि अब तक विकास कितना हुआ है।
शर्मा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जब तक घोषणाएं धरातल पर लागू न हों, तब तक उन पर विश्वास करना स्वयं को धोखा देने जैसा है। उन्होंने इसे ‘चुनावी चक्र और जुमलेबाजी का दौर’ करार दिया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours