भीमताल। बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज में आयोजित तकनीकी एवं सांस्कृतिक वर्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस समारोह का उद्घाटन पुष्कर सिंह धामी, राम सिंह कैड़ा, प्रताप बिष्ट, पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार के प्रबंधक श्याम अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संस्थान में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. बी.के. सिंह और कुलसचिव डॉ. हेम चंद्र पाण्डेय ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया।
उद्घाटन सत्र के बाद छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, कुमाऊंनी व देशभक्ति नृत्य, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा एआई एवं रोबोटिक्स इवेंट प्रस्तुत किए। परिसर में लगी तकनीकी और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनियों ने भी दिनभर लोगों का ध्यान आकर्षित किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संस्थान के उन्नयन हेतु बड़ी घोषणाएं करते हुए उन्नत कंप्यूटर केंद्र और डिजिटल पुस्तकालय के विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा नवनिर्मित सभागार में सुविधाओं के विस्तार के लिए अतिरिक्त 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं के जीवन में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और सर्वांगीण विकास के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. हेम चंद्र पाण्डेय ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में रिद्धिम अग्रवाल, ललित मोहन रयाल, मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, संस्थान के चेयरमैन प्रो. बी.एस. बिष्ट, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संदेश त्रिपाठी ने बताया कि पहले दिन की सफलता के बाद आगामी दो दिनों में और भी रोचक प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

+ There are no comments
Add yours