भीमताल। 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को नैनीताल जिले में पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही जिले भर में प्रभात फेरियां निकाली गईं, देशभक्ति गीत गूंजे और वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिले के समस्त सरकारी व गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य कार्यालयों में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
नैनीताल स्थित कुमाऊं कमिश्नरी परिसर में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान ने नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध कराया है। प्रशासनिक कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। लोक सेवकों को ईमानदारी, समानता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
नैनीताल पुलिस लाइन मल्लीताल में भव्य पुलिस परेड, आकर्षक झांकियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संविधान, अधिकारों और खेलों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न विभागों की विकास झांकियां भी निकाली गईं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया।

+ There are no comments
Add yours