भीमताल : बागजाला स्थित ग्राम्य विकास विभाग के सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में नैनीताल जिले के लिए वर्ष 2025-26 की ₹7020.50 लाख की वार्षिक जिला योजना को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री एवं खेल, युवा कल्याण, महिला व बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने की। बैठक में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने समिति के समक्ष विभागवार प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष का बजट पूर्व वर्ष की भांति ही रखा गया है, जिसमें किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजनाएं जनप्रतिनिधियों के सुझावों एवं जनहित को दृष्टिगत रखते हुए तैयार की गई हैं।
प्रस्तावित योजना में स्वरोजगार योजनाओं के लिए ₹11 करोड़, मानदेय के लिए ₹10.20 करोड़, वचनबद्ध कार्यों हेतु ₹8 करोड़, पूर्व से जारी कार्यों के लिए ₹17 करोड़ तथा नवीन कार्यों के लिए ₹18 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि अधूरे कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अगले दो वर्षों में अधिकतर योजनाएं पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि मनरेगा कन्वर्जेंस के माध्यम से जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु चेन लिंक फेंसिंग एवं घेरबाड़ की योजना प्रस्तावित करें, जिससे ग्रामीण किसानों को राहत मिल सके। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि जिले के ऐसे आंगनबाड़ी केंद्र जहां विद्युत कनेक्शन नहीं है, वहां उरेडा के माध्यम से विद्युत संयोजन सुनिश्चित किया जाए। इस हेतु संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बजट का शत-प्रतिशत उपयोग पारदर्शिता व आपसी समन्वय के साथ किया जाए। कार्यों की प्रगति की हर माह समीक्षा की जाएगी, जिससे योजनाएं समय पर पूरी हों और जनता को लाभ मिले।
इसी क्रम में विभागवार अनुमोदन सामान्य मद – ₹5592.10 लाख,विशेष घटक उपयोजना (SCSP) – ₹1347.30 लाख, जनजातीय उपयोजना (TSP) – ₹81.10 लाख रहा। बैठक में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ,दीवान सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत प्रशासक बेला तोलिया, डॉ. हरीश बिष्ट, कमलेश कैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व समिति सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी द्वारा किया गया।

+ There are no comments
Add yours