द्वितीय चरण पंचायत चुनाव में नैनीताल से 522 मतदान दल रवाना, 2880 कार्मिकों की तैनाती

Estimated read time 1 min read





प्रशासन ने संभाली कमान, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

अपर जिलाधिकारी ने कोटाबाग और हल्द्वानी बूथों का निरीक्षण किया

भीमताल : जनपद नैनीताल में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण के तहत चारों विकासखंडों भीमताल, हल्द्वानी, कोटाबाग और रामनगर से कुल 522 मतदान दलों की रवानगी सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना ने कंट्रोल रूम से निर्वाचन व्यवस्था की निगरानी करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक मतदान दल को समय पर सामग्री और मार्गदर्शन मिले।
मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री और मत पेटियां उपलब्ध कराकर तय रूट के अनुसार रवाना किया गया। प्रत्येक दल में पीठासीन अधिकारी सहित प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान अधिकारी मौजूद रहे। शनिवार को तीन विकासखंडों से 26 मतदान पार्टियां (भीमताल-04, कोटाबाग-21, रामनगर-01) रवाना हुईं, जबकि रविवार को 496 दलों ने प्रस्थान किया। सभी टीमें निर्धारित समय में अपने-अपने मतदेय स्थलों पर सकुशल पहुंच गईं।
————————————————
43 सेक्टर और 13 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात

शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन ने 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 13 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।
मतदान को सफल बनाने के लिए जिले भर में कुल 2880 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।मतदान सोमवार, 28 जुलाई को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 5 बजे तक कराया जाएगा।
जो मतदाता 5 बजे तक बूथ परिसर में प्रवेश कर लेंगे, उन्हें मतदान का अधिकार प्राप्त होगा। लाइन में अंतिम मतदाता को पीठासीन अधिकारी द्वारा “क्रम संख्या 1” की पर्ची दी जाएगी, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित की जा सके।अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने रविवार को कोटाबाग एवं हल्द्वानी विकास खंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद मतदान दलों से तैयारियों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संचालित होनी चाहिए।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours