त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव : मतगणना के लिए 1580 कार्मिकों को दो पालियों में दिया गया प्रशिक्षण

Estimated read time 1 min read





सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज सभागार में हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम, मतगणना प्रक्रिया को त्रुटिरहित संपन्न कराने का लक्ष्य

भीमताल : जनपद नैनीताल में 31 जुलाई को प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन की मतगणना को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी के सभागार में दो पालियों में 1580 मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के आठों विकासखंडों के लिए कुल 316 मतगणना पार्टियां गठित की गई हैं, प्रत्येक पार्टी में 5 सदस्य – 1 पर्यवेक्षक एवं 4 सहायक नियुक्त किए गए हैं।
प्रशिक्षण में प्रथम व द्वितीय चरण के लिए गठित 158-158 पार्टियों के साथ ही रिज़र्व टीमों के सदस्यों को भी सम्मिलित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतगणना की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों का विभाजन, गोपनीयता बनाए रखने, अवैध मतपत्रों की पहचान, तथा परिणामों की घोषणा की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 31 जुलाई को प्रातः 8 बजे से जनपद के सभी ब्लॉकों में मतगणना कार्य आरंभ किया जाएगा। प्रशिक्षण में विशेष रूप से निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस और आर.ओ. हैंडबुक के अध्ययन पर बल दिया गया। यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कार्मिक मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचें तथा प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी हो। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि अवैध मतपत्रों को पृथक रूप से एकत्र कर संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जांच उपरांत स्वीकृति या अस्वीकृति दी जाएगी। साथ ही मतगणना परिणाम विवरणी से संबंधित सभी प्रारूपों की जानकारी भी प्रतिभागियों को प्रदान की गई।
इस अवसर पर प्रभारी मास्टर ट्रेनर एच.बी. चंद, मतपेटी नोडल अधिकारी राजेन्द्र पांडे, रिटर्निंग ऑफिसर्स सहित सभी मतगणना कार्मिक उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours