सड़क चौड़ीकरण के बाद अब सुधारीकरण और ट्रैफिक प्रबंधन पर जोर
भीमताल: हल्द्वानी नगर में जाम की गंभीर समस्या से राहत दिलाने को लेकर प्रशासन द्वारा बीते महीनों में विभिन्न सड़कों और चौराहों का चौड़ीकरण कराया गया। इस दौरान कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया और सरकारी व निजी संपत्तियों के साथ कुछ धार्मिक स्थलों को भी नियोजित ढंग से स्थानांतरित किया गया। साथ ही, चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रही पेयजल और विद्युत लाइनों को भी बड़े पैमाने पर शिफ्ट किया गया, जिससे कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। अब प्रशासन का अगला कदम इन सड़कों और चौराहों का सौंदर्यीकरण और सुधारीकरण है।
इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के कुल 13 प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यदायी संस्था द्वारा जानकारी दी गई कि इनमें से चार चौराहों का फिनिशिंग कार्य लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष 9 चौराहों का विकास कार्य एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) सहायाचित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) द्वारा कराया जाना है। जिलाधिकारी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता से चौकसी से कार्य पूर्ण कराने और जून माह तक कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिव जिला विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि स्थलीय निरीक्षण कर रोड सेफ्टी मानकों का परीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में यातायात व्यवस्था बाधित न हो। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि UUSDA द्वारा 9 अन्य चौराहों एवं चौड़ी की गई सड़कों के सौंदर्यीकरण, ड्रेनेज और यूटिलिटी डक्ट निर्माण कार्यों हेतु टेंडरिंग प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, और जून के अंतिम सप्ताह तक कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस अवसर पर सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, अधिशासी अभियंता प्रत्यूष सिंह और एडीबी परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours