जिला पंचायत की आंतरिक बोर्ड बैठक में 10 प्रस्ताव पारित

Estimated read time 1 min read





भीमताल । सर्किट हाउस काठगोदाम में जिला पंचायत की आंतरिक बोर्ड बैठक अध्यक्ष दीपा देवी दरम्वाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न 10 प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं। इनमें विद्युत, पेयजल, कूड़ा निस्तारण, सिंचाई, आवारा पशुओं से नुकसान, सड़कें, पशुपालन और शिक्षा विभाग से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। सदन ने निर्णय लिया कि हाट बाजारों के नए टेंडरों की प्रक्रिया फरवरी 2026 में की जाएगी। तब तक पिछले वर्षों के प्रस्तावों को ही स्वीकृति दी जाएगी। इसके अलावा, काठगोदाम स्थित पुराना डांगबंगला भवन को आधुनिक बहुउद्देशीय कार्यालय के रूप में विकसित करने और भीमताल गेस्ट हाउस के सौंदर्यीकरण व समीप की दुकानों की मरम्मत कर उन्हें किराए पर देने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला पंचायत की छह समितियों के गठन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कम्पैक्टरों के रखरखाव, कार्यालय परिसर की खाली भूमि पर पार्किंग निर्माण, सेवानिवृत्त राजस्व कर्मियों की सेवाएं लेने, 15वें वित्त आयोग की अनुदान राशि के उपयोग और अध्यक्ष हेतु नई इनोवा वाहन क्रय पर भी विचार किया गया। सदस्यों ने मांग की कि नए वित्तीय वर्ष की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं के टेंडर हो चुके हैं उन्हें पूरा किया जाएगा, जबकि लंबित योजनाओं पर बैठक की सहमति से निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में गौलापार, चोरगलिया, बेतालघाट और अन्य क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने नहरों की सफाई, सड़क गड्ढों की मरम्मत, कूड़ा निस्तारण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण व पेयजल जैसी समस्याओं को उठाया।
कैंची धाम मंदिर पार्किंग का शुल्क जिला पंचायत द्वारा लिए जाने का भी प्रस्ताव पारित हुआ। सदस्यों ने यह भी कहा कि जिला स्तर पर होने वाली जनसुनवाई की सूचना जनप्रतिनिधियों को दी जानी चाहिए। अपर मुख्य अधिकारी ने इस पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
बैठक में उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, मीना देवी चिलवाल, प्रमोद कोटलिया, बहादुर सिंह नदगली, पूनम, रेखा देवी, ज्योति आर्या, निधि जोशी, तरुण शर्मा, दीप सिंह बिष्ट सहित समस्त सदस्य मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours